
शिव मंदिर नरियावां में वृक्षारोपण अभियान, हरियाली से महकेगा मंदिर परिसर
कुंडा/ प्रतापगढ़। बाबागंज विकासखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध शिव मंदिर नरियावां में आस्था और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। मंदिर परिसर को हरा-भरा बनाने तथा श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं छायादार वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जा रहे हैं।मंदिर समिति एवं स्थानीय युवाओं के सहयोग से बरगद, पीपल, नीम, आम और अशोक सहित छायादार व फलदार पौधों का रोपण किया जा रहा है। श्रावण मास में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचते हैं। ऐसे में यह पहल भविष्य में श्रद्धालुओं को छाया, शुद्ध वायु और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगी।वृक्षारोपण अभियान में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के कार्यकर्ता राजेंद्र शुक्ला ‘पप्पू’ सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय चेतना का भी प्रतीक है। उनका लक्ष्य अगले एक वर्ष में 500 से अधिक पौधे लगाकर उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करना है।स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मंदिर परिसर में लंबे समय से हरियाली की कमी महसूस की जा रही थी। वृक्षारोपण से न केवल परिसर की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र में हरित आवरण बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से पौधों की सुरक्षा और संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है। वहीं स्थानीय युवाओं ने प्रत्येक रविवार को पौधों की सिंचाई और देखभाल की जिम्मेदारी संभालने का संकल्प लिया है।