
जिला कारागार का डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण, बंदियों से जाना हाल, व्यवस्थाओं का लिया जायजा
अरुण कुमार दुबे /नैमिष टुडे
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने 31 जुलाई 2026 को जिला कारागार का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। बंदियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित एवं नियमानुसार निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जेल चिकित्सालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां भर्ती बंदियों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था, उपलब्ध दवाओं एवं नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि सभी बंदियों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा गंभीर रोगियों के स्वास्थ्य पर विशेष निगरानी रखी जाए।
इसके अलावा अधिकारियों ने कारागार परिसर में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, रसोईघर, भोजन वितरण व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने तथा शासन की मंशा के अनुरूप बंदियों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी सदर सहित कारागार के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।