
बहराइच में पांच पुलिसकर्मी सेवानिवृत्तः अधिकारियों ने समारोह में उपहार भेंट कर दी विदाई
बहराइच । पुलिस विभाग के पांच कर्मियों को शुक्रवार को अधिवर्षता आयु पूर्ण करने के बाद सेवानिवृत्त किया गया। शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में उनके सम्मान में एक विदाई समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात राज सिंह ने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को फूल माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। उन्हें उपहार भी भेंट किए गए।
सेवानिवृत्त होने वालों में उप निरीक्षक रवीन्द्र यादव, उप निरीक्षक महेन्द्र सिंह, मुख्य आरक्षी चालक हरिहर राय, आरक्षी योगेन्द्र नाथ यादव और लीडिंग फायरमैन ओम प्रकाश यादव शामिल थे। इन सभी को रामचरित मानस और ट्रॉली बैग उपहार स्वरूप दिए गए।
राज सिंह ने सेवाकाल के दौरान उनके योगदान की सराहना की और उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने सभी के बेहतर स्वास्थ्य और उज्जवल भविष्य की कामना की।
समारोह के दौरान, सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने अनुभवों को साझा किया। उन्होंने उपस्थित पुलिसकर्मियों से सेवाकाल में पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
इस अवसर पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने भी सेवानिवृत्त हुए सभी साथियों के बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।