स्व0 राजा दिनेश सिंह जी के जन्मदिन पर पूर्व प्रशिक्षार्थी सम्मेलन आयोजित
कुंडा/प्रतापगढ़।स्वर्गीय राजा दिनेश सिंह के 101वें जन्मदिवस के अवसर पर राजा दिनेश सिंह कृषि विज्ञान केंद्र, कालाकांकर, प्रतापगढ़ में रविवार को पूर्व प्रशिक्षार्थी सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ केंद्र के प्रभारी डॉ. नवीन कुमार सिंह ने स्व. राजा दिनेश सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। सम्मेलन का उद्देश्य पूर्व प्रशिक्षार्थियों को एक मंच पर लाकर आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देना, अनुभव साझा कराना तथा किसानों तक नई तकनीकों के प्रभावी प्रसार के लिए प्रेरित करना था। सुबह से हो रही वर्षा के बावजूद सैकड़ों की संख्या में पूर्व प्रशिक्षार्थियों एवं किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।डॉ. नवीन कुमार सिंह ने स्व. राजा दिनेश सिंह के किसानों के प्रति योगदान को याद करते हुए कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र उनके कृषि विकास के सपनों को प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने किसानों को कृषि क्षेत्र की नवीन तकनीकों एवं नवाचारों की जानकारी भी दी।प्रसार वैज्ञानिक डॉ. अवधेश सिंह ने प्रशिक्षित किसानों को कृषि प्रसार की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उद्यान वैज्ञानिक महेंद्र प्रताप सिंह ने बागवानी को आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताया। पशु चिकित्सा वैज्ञानिक डॉ. प्रसेनजीत देवनाथ ने पशुपालन एवं जैविक खेती के समन्वय पर बल दिया, यतेंद्र कुमार ने मृदा परीक्षण एवं संतुलित उर्वरक उपयोग की आवश्यकता बताई।
सम्मेलन में पूर्व प्रशिक्षार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा भविष्य में किसानों के बीच आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ. रणजीत सिंह, विनोद चौरसिया, रामचन्द्र, जुगुल किशोर, जी.आर. पटेल, रविशंकर, अरुण शुक्ला सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।