
गोंदलामऊ आईटीआई में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद पौधरोपण
अजय भार्गव/ संवाददाता
गोंदलामऊ/सीतापुर
गोंदलामऊ क्षेत्र स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एक वृहद पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य श्री खेदन लाल ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा, “वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण भी प्रदान करते हैं।”
उन्होंने आगे बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आम जनमानस को वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान आईटीआई परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार और फलदार पौधे रोपे गए।
इस मौके पर फोरमैन नवनीत कुमार, अनुदेशक बलदाऊ कुशवाहा, रिशाल, अरुण कुमार, मो. जैद, निर्मला देवी, सचिन, शिवम, मनीषा, ऋषभ सहित संस्थान के समस्त स्टाफ और प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।