
सोशल मीडिया पर जलभराव की तस्वीरें वायरल होते ही जागा प्रशासन
ईओ ने कराया निरीक्षण, नालों की सफाई शुरू
महमूदाबाद, सीतापुर
नगर के रामकुंड चौराहा, रामपुर मथुरा रोड,बस स्टॉप,सरकारी अस्पताल, चिकमंडी आदि समेत कई इलाकों में लगातार बारिश के बाद सड़कों के साथ-साथ दुकानों में भी नालों का पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित रहा और व्यापारियों को भी नुकसान की आशंका बनी रही।
बताया जा रहा है कि नगर में जलभराव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर पालिका प्रशासन सक्रिय हुआ। मामले की जानकारी मिलते ही नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पवन किशोर मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था का जायजा लिया तथा तत्काल नालों की सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर पालिका की टीम ने सफाई कार्य शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बरसात शुरू होने से पहले ही नालों की सफाई करा दी जाती, तो जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती। लोगों ने नगर पालिका से नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।