
दो पक्षों में खूनी संघर्ष जमकर चली लाठियां
एक का सर फटा कई घायल,दोनों पक्षों की तरफ से मुकदमा दर्ज
संवाददाता/ विकास मिश्रा
सकरन (सीतापुर) थाना क्षेत्र के लालूपुरवा गांव में शुक्रवार को मूसलाधार बारिश के बाद नाली के पानी की निकासी को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इस कदर बढ़ा कि दोनों तरफ से लाठी-डंडे चल गए, जिसमें एक युवक का सिर फट गया और कई अन्य लोग चोटिल हुए हैं। सूचना पर पहुंची सकरन पुलिस ने मामले को शांत कराया और घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सांडा भिजवाया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पानी निकलने को लेकर खौला खून,सिर में आई गंभीर चोट प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लालूपुरवा निवासी पीड़ित दीपू पुत्र केशराम के घर के पास बारिश के पानी का जमाव हो रहा था। दीपू जब नाली साफ कर पानी निकालने का प्रयास कर रहा था, तभी गांव के ही विपक्षी रायबहादुर और पूनम ने अपने दरवाजे की तरफ पानी आने का कड़ा विरोध किया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और तीखी नोकझोंक होने लगी। कुछ ही पलों में विपक्षी पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस मारपीट में दीपू के सिर पर लाठी लगने से वह लहुलूहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव किया।
गांव में पुलिस की नजर घटना के बाद पीड़ित पक्ष और विपक्षी पक्ष दोनों थानें पहुंचे। सकरन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायलों का डाक्टरी परीक्षण कराया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों में नाली के निकास को लेकर पुराना विवाद भी बताया जा रहा है, जो आज बारिश के पानी के कारण उग्र हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस गांव की स्थिति पर नजर रखे हुए है।