आगरा ने टीबी मुक्त भारत अभियान में पूरे प्रदेश में प्राप्त किया प्रथम स्थान

आगरा ने टीबी मुक्त भारत अभियान में पूरे प्रदेश में प्राप्त किया प्रथम स्थान

– सेंट्रल टीबी डिवीजन, नई दिल्ली एवं स्टेट टीबी सेल, लखनऊ ने जारी की रैंकिंग

आगरा ने निर्धारित सभी छह इंडिकेटर्स में पाई 100 प्रतिशत सफलता

विष्णु सिकरवार
आगरा। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 24 मार्च, 2026 से 07 जून, 2026 की अवधि के लिए सेंट्रल टीबी डिवीजन, नई दिल्ली एवं स्टेट टीबी सेल, लखनऊ द्वारा जारी जनपदवार प्रदर्शन रैंकिंग में जनपद आगरा ने उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अरुण कुमार श्रीवास्तव ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जनपद आगरा की यह सफलता जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ सुखेश गुप्ता के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की समर्पित टीम, चिकित्सकों, लैब टेक्नीशियन, आशा कार्यकर्ताओं, निक्षय मित्रों तथा सभी सहयोगी संस्थाओं के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि टीबी मरीजों की समय पर पहचान, आधुनिक तकनीकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण जांच, शीघ्र उपचार प्रारम्भ करना, टीबी निवारक उपचार (TPT) का प्रभावी क्रियान्वयन, निक्षय पोषण सहायता तथा मरीजों की नियमित फॉलो-अप व्यवस्था ने जनपद को इस उत्कृष्ट उपलब्धि तक पहुँचाया है।

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ सुखेश गुप्ता ने बताया कि यह रैंकिंग टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के छह प्रमुख प्रदर्शन सूचकांकों के आधार पर जारी की गई। आगरा ने सभी छह इंडिकेटर्स एक्स-रे एलिमिनेशन रेट, नाट टेस्ट, डिफरेंसिएटेड टीबी केयर, टीपीटी हाउस होल्ड कॉन्टेक्ट, टीबी मरीजों को न्यूट्रिशन किट की उपलब्धता और डीएसटीबी की सफलता दर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रत्येक में निर्धारित 3 में से 3 अंक प्राप्त किए तथा कुल 18 में से 18 अंक (100 प्रतिशत) अर्जित कर प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

डीटीओ डॉ सुखेश गुप्ता ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह या उससे अधिक समय से लगातार खाँसी, बुखार, वजन में कमी, भूख न लगना अथवा बलगम में खून आने जैसे लक्षण हों तो निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र पर निःशुल्क टीबी जांच अवश्य कराएँ। समय पर जांच और उपचार से टीबी पूर्णतः ठीक हो सकती है। जनसहभागिता एवं जागरूकता के माध्यम से ही टीबी मुक्त आगरा और टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य साकार किया जा सकता है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें