
भोलागंज चौराहे के पास सब्जियों से लदा डंपर पलटा, चालक-परिचालक बाल-बाल बचे
नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा
बिसवां / सीतापुर आगरा से बहराइच जा रहा सब्जियों से लदा एक डंपर सोमवार सुबह करीब 5 बजे बिसवां क्षेत्र के भोलागंज चौराहे के निकट मंदिर के पास सड़क के मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक व परिचालक दोनों सुरक्षित बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोड़ पर डंपर का एक पहिया सड़क से नीचे उतर गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और डंपर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय सड़क पर यातायात कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया।
डंपर के पलटने से उसमें लदी बड़ी मात्रा में सब्जियां सड़क पर बिखर गईं, जिससे कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में सहयोग किया। बाद में वाहन को हटाने की व्यवस्था कर सड़क को खाली कराया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य रूप से बहाल हो सका।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भोलागंज चौराहे के पास स्थित यह मोड़ काफी खतरनाक है, जहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय किए जाने की मांग की है।