
जौनपुर: ऑपरेशन वज्रपात के तहत तमंचे के साथ युवक गिरफ्तार
अरुण कुमार दुबे नैमिष टुडे जौनपुर ब्यूरो रिपोर्ट
जौनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” अभियान के तहत सिंगरामऊ थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, रजनीपुर क्रॉसिंग के पास वाहन एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान बच्चू पुत्र कमाल निवासी ग्राम सिहौली (कोइरीपुर), थाना चांदा, जनपद सुल्तानपुर को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा बरामद हुआ।
बरामदगी के आधार पर थाना सिंगरामऊ में मुकदमा संख्या 88/2026 के तहत धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी थाना आसपुर देवसरा, जनपद प्रतापगढ़ में हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मंशाराम गुप्ता, कांस्टेबल रजत पाण्डेय तथा कांस्टेबल सतीश कसोधन शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध नियंत्रण एवं अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।