
तहसील और पुलिस प्रशासन की आंखों के सामने धड़ल्ले से चल रहा अवैध मिट्टी खनन
मिश्रित, सीतापुर / कोतवाली क्षेत्र मिश्रित में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार खुले आम संचालित हो रहा है । सूत्रों की माने तो अवैध खनन में संलिप्त माफियाओं को तहसील प्रशासन, पुलिस प्रशासन तथा खनन विभाग का संरक्षण प्राप्त है । जिसके चलते संबंधित अधिकारी कार्यवाही करने के बजाय मूकदर्शक बने हुए हैं ।इस अवैध मिट्टी खनन में लगी ट्रैक्टर-ट्रालियां प्रति दिन मिट्टी भरकर नहर चौराहा स्थित पुलिस चौकी तथा तहसील चौराहा स्थित तहसील मुख्यालय के मुख्य द्वार के सामने से लगातार गुजरती रहती हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा कोई प्रभावी कार्यवाही नहीं की जाती है।स्थानीय लोगों का आरोप है । कि मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रालियां तेज रफ्तार से सड़कों पर दौड़ती हैं । जिससे राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कई बार ऐसे वाहनों की वजह से हादसे भी हो चुके हैं । लेकिन इसके बावजूद प्रशासन की ओर से सख्ती नहीं बरती जा रही है।
लोगों का कहना है । कि अवैध खनन की गतिविधियों से तहसील और पुलिस प्रशासन अनभिज्ञ होने का दावा नहीं कर सकता क्योंकि नहर चौराहा पुलिस चौकी, तहसील मुख्यालय तथा ब्लाक कार्यालय के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में प्रति दिन गुजरने वाली इन ट्रैक्टर-ट्रालियों को स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।