
लखीमपुर खीरी में जमीन विवाद ने पकड़ा तूल, दिनदहाड़े बाउंड्रीवाल गिराने का आरोप
पीड़ित परिवार ने पुलिस चौकी में दी तहरीर, कार्रवाई की मांग
संवाददाता/नैमिष टुडे
लखीमपुर खीरी। जिले के ग्राम पंचायत उदयपुर महेवा में एक जमीन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। आरोप है कि कुछ दबंग व्यक्तियों ने दिनदहाड़े एक परिवार की जमीन पर बनी बाउंड्रीवाल को गिराकर न सिर्फ आर्थिक नुकसान पहुंचाया, बल्कि कानून व्यवस्था को भी चुनौती दी पीड़ित महिला अमृता रस्तोगी, पत्नी सिद्धनाथ रस्तोगी, निवासी हाथीपुर उत्तरी, ने बताया कि उनके ससुर द्वारा वर्ष 2008 में गाटा संख्या 15 में लगभग 1500 वर्गफुट भूमि उर्मिला देवी से विधिवत खरीदी गई थी। हालांकि आर्थिक स्थिति के चलते उस समय जमीन की नपाई नहीं हो सकी, जिससे बाद में भूमि की स्थिति को लेकर भ्रम की स्थिति बनी रही पीड़िता के अनुसार, विक्रेता उर्मिला देवी के निधन के बाद उनके पुत्रों से कई बार जमीन की नपाई कराने का अनुरोध किया गया, लेकिन हर बार इसे टाल दिया गया। अंततः पीड़ित पक्ष ने तहसील स्तर पर अधिवक्ता के माध्यम से जमीन की पहचान कराते हुए बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया घटना के संबंध में बताया गया कि 8 मई को पहले कुछ लोग मौके पर आकर स्थिति का जायजा लेकर चले गए। बाद में उसी दिन शाम करीब 4 बजे एक व्यक्ति 15–20 लोगों के साथ दोबारा पहुंचा और जमीन पर अपना दावा करते हुए विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि पीड़ित परिवार द्वारा कागजात दिखाने के बावजूद आरोपियों ने अपने दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए और अभद्रता करते हुए बाउंड्रीवाल को गिरा दिया। पीड़ित परिवार का दावा है कि पूरी घटना का वीडियो उनके पास मौजूद है, जो मामले की गंभीरता को दर्शाता है। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता ने पुलिस चौकी संकटा देवी में शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है तथा हुए नुकसान की भरपाई और सुरक्षा की मांग की है।