
परीक्षाफल पाकर खिल उठे बच्चों के चेहरे, पर्यावरण और संस्कार का भी मिला संदेश
लालगंज, प्रतापगढ़। लक्ष्मणपुर ब्लॉक के भवानी नगर हंडौर स्थित डॉ. कलाम आधारशिला एकेडमी में परीक्षाफल वितरण कार्यक्रम हर्षोल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। परिणाम घोषित होते ही बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय स्तर पर अनन्या शुक्ला ने प्रथम, अतुल सोनी ने द्वितीय तथा अंशिका पाल ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यावरण सेना प्रमुख अजय क्रांतिकारी ने बच्चों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का महत्व सरल शब्दों में समझाया।उन्होंने कहा कि जल और वृक्ष ही जीवन का आधार हैं। यदि आज हम प्रकृति का संतुलन नहीं बचाएंगे तो आने वाली पीढ़ियों को संकट का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सभी से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया तथा अभिभावकों को भी प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराया। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी संजय शुक्ला ने मेधावी विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति को सफलता के साथ-साथ समाज के प्रति उत्तरदायी नागरिक बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।वाराणसी से आए प्रफुल्ल सहित अन्य अतिथियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और मेधावी छात्रों को अपने कोचिंग संस्थान में निःशुल्क शिक्षा देने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड, मेडल, पानी की बोतल एवं एक-एक पौधा देकर सम्मानित किया गया। साथ ही उन्हें पौधों को अपने घर पर लगाने के लिए प्रेरित किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रसारित हुआ। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. अभय शुक्ल ने विद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत कर सभी अतिथियों व अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक डॉ. दिवाकर प्रसाद शुक्ला, प्रेम, अर्चना, रेहान, पंकज, प्रार्थना अंजली, रज्जाक सहित समस्त विद्यालय स्टाफ तथा अरविन्द, रंजन, अजय, सहबाज, इरफान, राकेश, शैलेन्द्र सहित अनेक अभिभावक उपस्थित रहे।