
सीतापुर के लाल ओम सिंह ने रचा इतिहास, यूपीपीसीएस में 55वीं रैंक पाकर बढ़ाया जिले का गौरव
मिश्रिख के ग्राम बर्मी से निकले ओम सिंह की सफलता पर पूरे जनपद में जश्न, बधाई देने वालों का लगा तांता।।
सरवन मिश्रा /सवाददाता
मिश्रिख सीतापुर जनपद की प्रतिभा ने एक बार फिर अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता की नई इबारत लिख दी है। यूपीपीसीएस परीक्षा के घोषित परिणाम में मिश्रिख विकास खंड के ग्राम बर्मी निवासी ओम सिंह ने 55वीं रैंक हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे सीतापुर जिले का नाम रोशन किया है।
ओम सिंह प्रतिष्ठित परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता संजीव कुमार सिंह वर्तमान में जनपद बांदा में जिला न्यायाधीश के पद पर कार्यरत हैं। वहीं उनके चाचा पवन सिंह शिल्पी, जो समाजसेवी एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मीडिया प्रभारी रह चुके हैं, भी सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। ऐसे प्रेरणादायी माहौल में पले-बढ़े ओम सिंह ने बचपन से ही उच्च लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत की और आज उसका परिणाम पूरे जिले के सामने है।
जैसे ही ओम सिंह की सफलता की खबर जनपद में पहुंची, खुशी की लहर दौड़ गई। उनके निवास मोहल्ला आर्यनगर में लोगों का तांता लग गया। परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया। हर कोई ओम सिंह की मेहनत और सफलता की सराहना करता नजर आया।
इस मौके पर उनके चाचा पवन सिंह शिल्पी ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार और जिले के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार सदैव राष्ट्र सेवा और देशभक्ति की भावना से प्रेरित होकर कार्य करता रहा है। आज ईश्वर ने उनके परिवार को एक और अवसर दिया है कि उनका बेटा प्रशासनिक सेवा के माध्यम से देश और समाज की सेवा करे।
ओम सिंह की यह सफलता न केवल युवाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। सीतापुर जैसे जनपद से निकलकर देश की प्रशासनिक सेवाओं में स्थान पाना यह साबित करता है कि यहां की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है।
जनपद के विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ओम सिंह को इस उपलब्धि पर बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।