
मंडप सजा था,रस्में चल रही थीं,रस्मों के बीच भौंका दुल्हन का पालतू कुत्ता,युवक ने पीट दिया तो हो गया बवाल,बारात में खूब चले लाठी-डंडे,टूटी शादी
फतेहपुर।उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है।यहां एक शादी समारोह उस समय बवाल में बदल गया,जब दुल्हन के पालतू कुत्ते को लेकर विवाद खड़ा हो गया।देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि बाराती और घराती आमने-सामने आ गए,लाठी-डंडे और कुर्सियां चलने लगीं।इसमें कई लोग घायल हो गए और अंत में दुल्हन ने शादी से ही इनकार कर दिया।
दरअसल खागा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात एक गेस्ट हाउस में विवाह का कार्यक्रम हो रहा था।दूल्हा प्रयागराज से बारात लेकर शाम को गेस्ट हाउस पहुंचा।इस दौरान जयमाल समेत शादी की कई अन्य रस्मों को पूरा किया गया।रात बीतने के बाद भोर करीब चार बजे मंडप में जेवर चढ़ाने की रस्म चल रही थी।इसी दौरान मंडप से कुछ दूरी पर बंधा दुल्हन का पालतू कुत्ता,जिसे परिजन साथ लेकर आए थे,भौंकने लगा।वर पक्ष के एक युवक ने कुत्ते को पीट दिया।इस पर वधू पक्ष ने नाराजगी जताई,जिससे विवाद बढ़ गया,देखते ही देखते बाराती और घराती में कहासुनी शुरू हो गई,जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई।गेस्ट हाउस में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और कुर्सियां तक फेंकी गईं।इस मारपीट में वधू पक्ष के एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए,उनके सिर में चोट आई,वहीं दूल्हा पक्ष के भी दो लोग घायल हुए।शादी का पूरा माहौल कुछ ही मिनटों में जंग के मैदान में बदल गया,स्थिति बिगड़ते देख किसी ने पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को काबू में किया।कई लोग मौके से भाग निकले,जबकि घायलों को अस्पताल भेजा गया।
घटना के बाद दोनों पक्षों को खागा कोतवाली ले जाया गया। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी ली और दोनों पक्षों से बातचीत की।इस दौरान पुलिस ने दुल्हन से भी उसकी राय पूछी।सबसे बड़ा मोड़ तब आया,जब दुल्हन ने साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया,इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पंचायत हुई,जिसमें आपसी सहमति से मामला सुलझाने की कोशिश की गई।तय हुआ कि जो भी दान-दहेज और उपहार दिए गए थे, उन्हें वापस कर दिया जाएगा.।दोनों पक्षों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के आपसी समझौते से मामला खत्म करने का फैसला लिया।
दूल्हे ने कहा कि हम लोगों के बीच प्रेम-प्रसंग था।लड़की अपने घर को छोड़कर मेरे घर आ गई थी,जिसके बाद हमने कानपुर में आर्य समाज से शादी कर ली थी।लड़की पक्ष ने दोनों की शादी करने का वादा किया था और इसी तहत हम लोग बारात लेकर आए।वरमाला का कार्यक्रम अच्छी तरह से निपट गया, लेकिन सुबह के समय शादी की अन्य रस्मों के दौरान कुत्ते को मारने को लेकर विवाद हो गया।
कोतवाली प्रभारी आरके पटेल ने कहा कि कुत्ते को मारने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया था।दोनों पक्ष थाने आए थे, समझौता हो गया है,जो भी दान दहेज का सामान था,दोनों लोग आपस में लौटा दिए हैं।मारपीट के दौरान दोनों पक्ष के 5 से 6 लोग घायल हुए थे,जिनका उपचार अस्पताल में कराया गया है।लड़का पक्ष प्रयागराज वापस लौट गया है।