
बिजनौर में बिजली विभाग का कारनामा,निकल रही थी बारात, लाइनमैन ने पोल पर चढ़कर काट दी दूल्हे के घर की लाइट
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नूरपुर में बिजली विभाग की एक लापरवाही ने शादी वाले घर का जश्न फीका कर दिया।डायमंड कॉलोनी निवासी शुभम चौहान के घर 19 फरवरी की शाम बारात निकलने की तैयारी हो रही थी,घर में डीजे बज रहा था और मेहमानों के बीच जश्न का माहौल था। इसी बीच बिजली विभाग का एक लाइनमैन अचानक पहुंचा और बिना किसी नोटिस या सूचना के पोल पर चढ़कर बिजली काट दी।
दूल्हे शुभम के मुताबिक….
दूल्हे शुभम के मुताबिक उनका बिल जमा है और घर में मीटर भी लगा है।बिजली कटने से शादी की सजावट और डीजे ठप हो गया, जिससे परिवार को भारी परेशानी और रिश्तेदारों के सामने अपमान झेलना पड़ा। बता दें कि बिजली विभाग की इस कार्रवाई के बाद पीड़ित परिवार अब वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत करने की तैयारी में है।
दूल्हा हुआ मेहमानों के सामने शर्मिंदा
दूल्हे शुभम ने बताया कि बिजली कटने के वक्त घर में बारात जाने की अंतिम तैयारियां चल रही थीं,अचानक हुई इस कार्रवाई से घर में अंधेरा छा गया और शादी के लिए की गई विशेष लाइटिंग महज दिखावा बनकर रह गई।
एक दिन की मोहलत तक नहीं दी
शुभम ने बताया कि उन्हें एक दिन की मोहलत तक नहीं दी गई।अब रिश्तेदार इस मामले को लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं,जिससे उन्हें सामाजिक रूप से शर्मिंदगी महसूस हो रही है।शुभम ने बिजली विभाग की इस कार्रवाई को सरासर हठधर्मिता करार दिया है।
अधिकारियों ने दिए जांच के आदेश
इस मामले पर अधीक्षण अभियंता धर्मराज सिंह ने कहा कि यह प्रकरण फिलहाल उनकी जानकारी में नहीं है,उन्होंने आश्वासन दिया कि इस बात की पूरी जानकारी जुटाई जाएगी कि आखिर बिजली काटने के पीछे क्या कारण था।अधीक्षण अभियंता ने साफ किया कि यदि इस कार्रवाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही या दोष पाया गया,तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।