
स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन” कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने दिया व्याख्यान, आयोजित की गई प्रतियोगिताएं
सीतापुर
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, हरगांव में जिलाधिकारी डॉ० राजा गणपति आर के निर्देशानुसार “स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन” विषय पर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद द्वारा संचालित जिला विज्ञान क्लब द्वारा जागरूकता कार्यक्रम तथा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष गफ्फार खान, अधिशासी अधिकारी शिरीष मिश्रा, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव एवं जिला विज्ञान क्लब समन्वयक डॉ योगेश चंद्र दीक्षित ने दीप प्रज्वलित कर किया। कस्तूरबा गांधी की बालिकाओं ने स्वागत गीत तथा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।
अध्यक्ष गफ्फार खान ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए पर्यावरण स्वच्छ रखना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए हम सभी को उद्देश्य पूर्ण रूप से कार्य करना चाहिए।
विषय विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव ने पर्यावरण संरक्षण के लिए विभिन्न प्रयोगों द्वारा उपस्थित जनसमूह और विद्यार्थियों को उत्प्रेरित किया
विशेष रूप से “प्लास्टिक तथा पॉलिथीन के उपयोग में सावधानी बरतने तथा पुनर्चक्रण एवं सुव्यवस्थित निस्तारण” पर अपना व्याख्यान दिया तथा पर्यावरण संरक्षित करने हेतु सभी को शपथ दिलाई।
महमूदाबाद से आईं पर्यावरणविद् ममता देवी ने दैनिक जीवन में किस प्रकार से हमें छोटी-छोटी बातों से ही पर्यावरण संरक्षण करने अपशिष्ट का समुचित निस्तारण करने तथा पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया। अधिशासी अधिकारी शिरीष मिश्रा ने बताया कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जन उपयोगी साबित होते हैं तथा इसे जन आंदोलन बनाते हुए हम अपनी भूमि को अपने राष्ट्र को स्वच्छ बनाने में अपना योगदान दे सकते हैं।
जिला विज्ञान क्लब समन्वयक डॉ योगेश चंद्र दीक्षित ने दूध, रिफाइंड आदि की पॉलिपेक का पुनरुपयोग करने की विधि बताते हुए कहा कि इनमें आप अपने घर खाए हुए फलों के बीजों अथवा अन्य पुष्पों की प्रजातियां उगा सकते हैं।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से राष्ट्रीय बालिका सुरक्षा योजना के विशेषज्ञ डॉक्टर बुशरा, नुजहत तथा ऋचा सिंह ने बालिकाओं की काउंसलिंग की तथा उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां दी। किशोरावस्था में होने वाले परिवर्तन में संतुलित आहार का सेवन करने का निर्देश दिया।
पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी रामाकांत मौर्य ने प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरण किया तथा जीवन में पर्यावरण को स्वच्छ रखने का लक्ष्य लेकर कार्य करने की सलाह दी। कार्यक्रम की संयोजिका तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की प्रधानाचार्या सरोजिनी चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया।कार्यक्रम प्रभारी ऋषि ने अतिथियों को धन्यवाद दिया। प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका एकेडमिक रिसोर्स पर्सन सत्यांश सिंह, उच्च प्राथमिक विद्यालय सुबोध मान तथा कस्तूरबा गांधी की गीता ने निभाई ।
कार्यक्रम में दोनों उच्च प्राथमिक विद्यालय कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, ग्रीन फील्ड अकादमी, अशरफ अली इंटर कॉलेज तथा बिरला विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया।
जूनियर वर्ग की पोस्टर प्रतियोगिता में सकीना प्रथम रजनी द्वितीय कनक तीसरे स्थान पर रही। जबकि सीनियर वर्ग में बिरला विद्या मंदिर की माधुरी सिंह प्रथम स्थान पर ग्रीन फील्ड की सांची गुप्ता द्वितीय स्थान पर बिरला विद्या मंदिर की राधिका तीसरे स्थान पर रही। प्रिया आयुष और सुनीता देवी को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ।
भाषण प्रतियोगिता में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की पूजा प्रथम ग्रीन फील्ड अकादमी की अव्या मिश्रा द्वितीय वाहिद शाह तृतीय स्थान पर रहे जबकि बंदिनी मानसी मिश्रा और मान को सांत्वना पुरस्कार प्राप्त हुआ।