
महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा के लिए राज्य महिला आयोग संकल्पित -डॉ बबीता सिंह चौहान
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बबीता सिंह चौहान का संदेश
नैमिष टुडे/विष्णु सिकरवार
आगरा। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ बबीता सिंह चौहान ने प्रदेश की सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दीं और उनके सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अपने संदेश में उन्होंने कहा कि आठ मार्च को मनाया जाने वाला यह दिन नारी सशक्तिकरण का पर्याय बन गया है और समाज में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग महिलाओं की सहायता और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि आयोग महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों के रोकथाम, दहेज प्रथा के खिलाफ कार्रवाई, घरेलू हिंसा से सुरक्षा और आर्थिक व शैक्षिक अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो रही हैं और हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
उन्होंने यह भी कहा कि महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और समानता की दिशा में किए जाने वाले निरंतर प्रयासों की पहचान है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि महिलाओं को हर क्षेत्र में समान अवसर प्रदान करने और लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने की दिशा में प्रयास किए जाएं।
अध्यक्ष ने अंत में कहा कि हर महिला को आत्मनिर्भर बनने, शिक्षित होने और अपने अधिकारों के लिए सजग रहने की आवश्यकता है। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग इस दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रहा है और आगे भी महिला सुरक्षा व सशक्तिकरण के लिए कार्य करता रहेगा।