
प्रधान और पति को नाली के विवाद में जूतों से पीटा
ऋषभ दुबे नैमिष टुडे
तालग्राम,कन्नौज । थाना क्षेत्र के किशनपुर गाँव मे सार्वजनिक नाली पर अवैध निर्माण कर अवरुद्ध करने का विरोध वर्तमान प्रधान और उसके पति को भारी पड़ गया। तीन लोगों ने घर में घुसकर प्रधान और उनके पति को लात-घूसों और जूतों से पीटा। छत पर चढ़कर तमंचे से फायर कर जान से मारने की धमकी दी। प्रधान पति ने पुलिस को तहरीर दी है। तालग्राम के किशनपुर निवासी दिनेश चंद्र ने बताया कि पत्नी शारदा देवी ग्राम प्रधान हैं। रविवार दोपहर दो बजे गांव के तीन लोग सार्वजनिक नाली पर अवैध निर्माण कर अवरुद्ध कर रहे थे। प्रधान प्रतिनिधि होने के नाते उन्होंने विरोध करते हुए निर्माण करने से मना किया। इससे गुस्साए आरोपी घर के अंदर घुस आए और पत्नी शारदा देवी, भतीजे की पत्नी रीता और उन्हें लात-घूसों व जूतों से पीटने लगे। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी अपनी छत पर चढ़ गए और ईंट पत्थर तमंचे से फायर करने लगे। ईंट पत्थर और फायरिंग होने पर दरवाजा बंद लिया। आरोपियों ने दरवाजा भी तोड़ने का प्रयास किया। आरोपियों ने दो दिन में जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस के आने पर आरोपी फरार हो गए। थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया ने बताया कि तहरीर मिली है। नाली के संबंध में विवाद हुआ है। जांच कराई जा रही है।