
खनन माफियाओं के साथ पुलिस की मुठभेड़ मुख्य अभियुक्त सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता अपने साथी नेत्रपाल उर्फ नित्तो और विनोद के साथ पकड़ा
मुख्य अभियुक्त सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता अपने साथी नेत्रपाल उर्फ नित्तो के साथ पहले भी कई घटनाएं कर चुका है
विष्णु सिकरवार
आगरा। खेरागढ़ में खनन माफिया ने सिपाही को गोली मार दी थी। इसके बाद से पुलिस टीम खनन माफियों की तलाश में जुटी हुई थी। खेरागढ़ पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ के दौरान तीन आरोपियों को दबोच लिया।
आगरा के थाना खेरागढ़ क्षेत्र में शनिवार सुबह पुलिस की खनन माफियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम ने सिपाही को गोली मारने वाले मुख्य अभियुक्त सहित तीन को गिरफ्तार कर लिया। तीनों के पैर में गोली लगी है। इससे पूर्व पुलिस नौ लोगों को जेल भेज चुकी है। सिपाही पर गोली चलाने में पुलिस की जांच में सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता का नाम प्रकाश में आया था।
डीसीपी सोनम कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि पुलिस पर फायरिंग करने वाला मुख्य अभियुक्त सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता अपने साथियों नेत्रपाल उर्फ नित्तो और विनोद के साथ जा रहा है। कागारौल रोड़ पर चेकिंग के दौरान रोकने की कोशिश की तो अभियुक्त फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस ने तीनों की घेराबंदी कर ली। इस दौरान आरोपियों ने फायरिंग की, तो पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए खदेड़ दिया। तीनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
घायल अवस्था में तीनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि सत्यप्रकाश और नेत्रपाल पर 25 हजार का इनाम घोषित है। पुलिस ने आरोपियों से तीन तमंचे,छः जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
बता दें बीते सात सितंबर को खेरागढ़ कस्बे में खनन माफिया के ट्रैक्टरों को पकड़ने गई पुलिस पर माफिया ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी, जिसमें सिपाही अजय के कान के पास गोली लगने से घायल हो गया था। सिपाही को इलाज के लिए ले जाते समय दुस्साहसिक तरीके से पुलिस की गाड़ी में ट्रैक्टर से टक्कर मार कर भाग गए थे। पुलिस डर कर थाने भाग आई थी। दिनदहाड़े कस्बे में हुई घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दरोगा बरदानी लाल ने 18 अज्ञातों के विरुद्ध थाना खेरागढ़ पर मुकद्दमा दर्ज कराया था। चिन्हित किए गए लोगों में से नौ गुर्गों को पकड़ कर पहले ही जेल भेज दिया गया है। मुख्य अभियुक्त सत्यप्रकाश उर्फ सत्ता अपने साथी नेत्रपाल उर्फ नित्तो के साथ पहले भी फायरिंग व गुंडागर्दी कर चुका है।