प्रयागराज मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-4 का शुभारम्भ 14 अक्टूबर को

 

प्रयागराज मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-4 का शुभारम्भ 14 अक्टूबर को

मिशन शक्ति अभियान कार्यक्रम के तहत जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का किया जायेगा आयोजन

14 अक्टूबर को पुलिस लाइन से निकाली जायेगी रैली तथा जिला पंचायत सभागार में कार्यक्रमों का किया जायेगा आयोजन

मण्डलायुक्त ने मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-4 के अन्तर्गत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किए जाने के दिए निर्देश

मण्डलायुक्त श्री विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता व पुलिस कमिश्नर श्री रमित शर्मा की उपस्थिति में शुक्रवार को संगम सभागार में प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलम्बन हेतु 14.10.2023 से प्रारम्भ हो रहे मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-4 के तहत आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों के सम्बंध में बैठक आयोजित की गयी। बैठक में मिशन शक्ति विशेष अभियान के अन्तर्गत 14 अक्टूबर को प्रातः 08ः30 बजे से पुलिस लाईन से महिला सशक्तीकरण रैली निकाली जायेगी, जिसमें स्कूली छात्राएं, आशा, एएनएम एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के अलावा पीआरबी वाहन एवं एम्बुलेंस भी शामिल होंगी। रैली विभिन्न स्थलों से निकलती हुई जिला पंचायत परिसर में समाप्त होगी। तत्पश्चात जिला पंचायत सभागार में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जायेगा। मा0 मुख्यमंत्री जी के द्वारा 14 अक्टूबर को पूर्वान्ह 11ः00 बजे लोकभवन, लखनऊ में मिशन शक्ति के विशेष अभियान फेज-4 का शुभारम्भ किया जायेगा, जिसका सजीव प्रसारण किया जायेगा।
मण्डलायुक्त ने मिशन शक्ति अभियान से सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का पूरे मनोयोग से निर्वहन करते हुए मिशन शक्ति अभियान कार्यक्रम को व्यापक ढंग से सम्पन्न कराये जाने के निर्देश दिए है। मिशन शक्ति अभियान कार्यक्रम के अन्तर्गत गृह विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, युवा कल्याण विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, नगर विकास विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, राजस्व विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, संस्कृति विभाग एवं पंचायतीराज विभागों के द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। अभियान के अन्तर्गत मिशन शक्ति अभियान, निराश्रित विधवा पेंशन योजना, जननी सुरक्षा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित भारत सरकार एवं राज्य सरकार की महिला सशक्तीकरण से सम्बंधित योजनाओं का व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया जायेगा।
पुलिस विभाग के द्वारा महिला सशक्तीकरण से सम्बंधित योजनाओं एवं प्रमुख कानूनों के बारे में जन-जागरूकता अभियान चलाया जायेगा। महिला हिंसा तथा अन्य शिकायतों के निवारण हेतु विभिन्न हेल्पलाइन नम्बर के सम्बंध में जानकारी प्रदान की जायेगी। पुलिस आयुक्त श्री रमित शर्मा ने कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से कराये जाने के लिए कहा है। जिलाधिकरी श्री नवनीत सिंह चहल ने बैठक में मिशन शक्ति अभियान फेज-4 के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी देते हुए सभी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को अपने विभाग से सम्बंधित आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों को सुव्यवस्थित ढंग से कराये जाने के लिए कहा है। मिशन शक्ति अभियान कार्यक्रम के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायतों एवं वार्डों में भी कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त श्री पवन कुमार सहित वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ सम्बंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें
%d bloggers like this: