संतकबीरनगर में जिलाध्यक्ष को छोड़ सपा की नई कार्यकारिणी हुई भंग
संतकबीरनगर में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम को छोड़कर नवनियुक्त कमेटी को भंग कर दिया गया है। वहीं,सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने निर्देश जारी कर अग्रिम निर्देश तक कमेटी के भंग रहने की जानकारी दी है आपको बताते चलें कि 1 सप्ताह पूर्व समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम की सहमति पर नई कार्यकारिणी का गठन किया गया था। लेकिन, सपा नई कार्यकारिणी के गठन के दौरान दिग्गज नेता व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जयराम पांडे और वर्तमान जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम के बीच काफी नोकझोंक भी हुई थी। सपा नेता जयराम पांडे ने जिलाध्यक्ष पर नवसृजित कार्यकारिणी में मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए उन्हें शामिल न करने पर बहिष्कार करने का निर्णय लिया था। इसके अलावा उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के समक्ष नई गठित कार्यकारिणी पर आपत्ति जताई थी। हालांकि, बाद में उनकी आपत्ति पर कुछ नए चेहरों को आनन-फानन में कार्यकारिणी में पद दे दिया गया था । बावजूद इसके यह असंतोष अन्य लोगों में भी दिखाई देने लगा था जिसके चलते राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम को छोड़कर समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुखिया नरेश उत्तम पटेल ने नई कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग करने का निर्देश जारी किया।