दुल्हन के घर सिलेंडर में हुआ विस्फोट,एक की मौत, दहेज़ जला
बेहटा गोकुल थाने के सकाहा गांव में हुआ हादसा
हरदोई दुल्हन के बारातियों के लिए पकवान बनाए जा रहे थे,उधर दहेज़ लगाया जा रहा था। इसी बीच वहां रखे गैस सिलेंडर में तेज़ धमाके के साथ विस्फोट हो गया। जिससे वहां मेहमानी में आए एक शख्स की मौत हो गई। साथ वहां रखा दहेज़ जल गया। इसका पता होते ही वहां पहुंची पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
.
बताया गया है कि बेहटा गोकुल थाने के सकाहा निवासी अशोक पुत्र मथुरा की बेटी की शादी की तैयारियां की जा रही थी। मंगलवार को बारातियों के लिए पकवान बनाए जा रहे थे। साथ ही वहां मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू था। उसी बीच वहां गैस सिलेंडर में तेज़ धमाके के साथ विस्फोट हो गया। विस्फोटक इतना तेज़ था कि वहां आस-पास के गांवों तक में भगदड़ मच गई। इसी बीच अशोक के घर मेहमानी में आए पिहानी कोतवाली के अब्दुल्ला नगर निवासी शैलेन्द्र पुत्र सुखलाल की मौत हो गई और वहीं लगा दहेज़ जल गया। सिलेंडर में विस्फोट होने से शादी वाले घर में भगदड़ मच गई। सारी खुशियां मातम में बदल गई। इसका पता होते ही वहां पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लिया और हादसे के पहलुओं की गहराई से जांच शुरू कर दी है।