
बच्चों के सपनों को मिली उड़ान,उज्जवल किरण जनकल्याण ट्रस्ट ने बांटे स्कूल बैग
(संतोष कुमार सिंह )
वाराणसी :- उज्जवल किरण जनकल्याण ट्रस्ट की ओर से अमरा खैरा नट बस्ती में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया | इस दौरान जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया | उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ | मुख्य अतिथि डॉ.अनीता डे,महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के समाज कार्य विभाग की प्रोफेसर भावना वर्मा एवं प्रो.नेहा गिरी,डॉ अंबर कुमार तथा रोटरी क्लब वाराणसी साउथ के अध्यक्ष सुदीय चक्रवर्ती सहित अन्य अतिथियों ने बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए | इस मौके पर रोटरी क्लब के पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ.वीएन सिंह, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी डॉ.दीपक अस्थाना, पास्ट प्रेसिडेंट डॉ.संदीप गुप्ता समेत क्लब के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे |
कार्यक्रम में बच्चों ने कविता,कहानी,गीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया | अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया | इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव शिक्षा से ही मजबूत होती है उन्होंने अभिभावकों से संवाद कर शिक्षा के महत्व और बस्ती की विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की | उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की |
अरविंद कुमार ने बताया कि संस्था की ओर से बच्चों की शैक्षिक प्रगति सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक सप्ताह अभिभावकों के साथ बैठक की जाएगी इसमें बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय में उनकी उपस्थिति की समीक्षा होगी | साथ ही बच्चों के नियमित स्कूल जाने का सत्यापन भी किया जाएगा उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने के लिए अभिभावकों का सहयोग और बैठकों में उनकी सहभागिता बेहद जरूरी है | इस दौरान संस्था की अध्यापिका अंशिका यादव सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्य उपस्थित रहे ||