
सांध्य अर्घ्य पर शिवशक्ति सरोवर छठ घाट पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, भव्य आरती और आकर्षक विद्युत सज्जा ने मोहा मन
सुरक्षा से लेकर स्वच्छता तक समिति ने किए पुख्ता इंतजाम,नाव से तालाब के चारों ओर की गई निगरानी
(संतोष कुमार सिंह )
पटना (बाढ़) :- लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ के अवसर पर पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत सतीपुरी बेढ़ना स्थित शिवशक्ति सरोवर छठ पूजा समिति की ओर से आज सांध्य अर्घ्य का पर्व पूरे श्रद्धा,भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया | इस पावन अवसर पर शिवशक्ति सरोवर छठ घाट पर बड़ी संख्या में छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी | छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा | व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को विधि- विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख -समृद्धि,खुशहाली एवं आरोग्य की कामना की | छठ महापर्व को लेकर समिति की ओर से घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा,स्वच्छता एवं सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे पूरे घाट परिसर को आकर्षक विद्युत झालरों एवं रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया था जिससे शिवशक्ति सरोवर का दृश्य बेहद मनमोहक नजर आया | छठ व्रतियों की सुविधा के लिए कपड़े बदलने हेतु चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई थी वहीं घाट एवं तालाब परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो |
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य पूरे आयोजन के दौरान मुस्तैद रहे | तालाब में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नाव के माध्यम से तालाब के चारों ओर लगातार निगरानी की गई | समिति के सदस्यों ने व्रतियों एवं उनके साथ आए परिजनों की सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा वहीं सांध्य अर्घ्य के अवसर पर शिवशक्ति सरोवर छठ घाट पर भव्य आरती का आयोजन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया | दीपों की जगमगाहट,आकर्षक विद्युत सज्जा,भक्ति संगीत एवं आरती के मंत्रोच्चार से पूरा सरोवर परिसर भक्तिमय हो उठा | रोशनी से जगमगाते घाट पर आयोजित भव्य आरती श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही |
समिति की ओर से की गई बेहतर तैयारियों,सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के चलते सांध्य अर्घ्य का आयोजन शांतिपूर्ण एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ | श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के प्रयासों की प्रशंसा की |
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सूरज कुमार,उपाध्यक्ष संजय सिंह,सचिव सुजीत कुमार (मुखिया,बेढ़ना पश्चिमी) सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय रूप से उपस्थित रहे ||