
सर्राफा कारोबारी को घायल कर लाखों के जेवरात और नगदी पार
नैमिष टुडे संवाददाता
संदना सीतापुर
थाना संदना क्षेत्र में बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। दुकान बंद कर घर लौट रहे एक सर्राफा कारोबारी को बाइक सवार तीन बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया। बदमाशों ने कारोबारी के साथ मारपीट की और उनसे करीब 7 किलो चांदी, 25 ग्राम सोने के जेवर और 80 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए।
*मिली जानकारी के अनुसार, सिधौली थाना क्षेत्र के प्रेमनगर उत्तरी निवासी विमलेश रस्तोगी की मंजरी चौराहे पर ‘श्रेयांश ज्वैलर्स’ के नाम से दुकान है। पीड़ित व्यवसायी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार (6 नवंबर) की शाम करीब 5 बजे वह अपनी दुकान बंद कर वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान नंदवन गढ़ी स्थित ब्रह्मदेव बाबा स्थान के पास पीछे से आए एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें जोरदार झटका देकर सड़क पर गिरा दिया ।
पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और जेवरात व नकदी से भरा बैग छीन लिया। दुस्साहस का आलम यह था कि वारदात को अंजाम देकर भागते समय बदमाश पीड़ित को यह धमकी भी दे रहे थे कि “पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती।”
मामले में थाना अध्यक्ष प्रिंस सोनकर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें बदमाशों की तलाश और मामले की गहन जांच में जुट गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।