
कार सवार चोर घर के सामने से बकरी उठा ले गए, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
कुंडा/प्रतापगढ़। महेशगंज थाना क्षेत्र के अंजनी बाजार में मंगलवार की भोर कार सवार अज्ञात लोग घर के सामने बरामदे में बंधी बकरी खोलकर कार में रखकर फरार हो गए। सुबह बकरी गायब मिलने पर पशु मालिक ने आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।अंजनी बाजार निवासी कुमन सोनकर ने घर के सामने लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो उसमें पूरी घटना कैद मिली। फुटेज में एक कार घर के सामने रुकती दिखाई दे रही है। इसके बाद कार सवार लोग नीचे उतरकर बरामदे में बंधी बकरी को उठाकर कार में रखते हैं और मौके से फरार हो जाते हैं।घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने महेशगंज थाने में सूचना देकर अज्ञात कार सवारों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा बकरी बरामद कराने की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और उसमें सवार लोगों की पहचान करने में जुटी है।