रेलवे बाउंड्री से बंद हुआ रास्ता, सांसद लालजी वर्मा ने अंडरपास की मांग उठाई

रेलवे बाउंड्री से बंद हुआ रास्ता, सांसद लालजी वर्मा ने अंडरपास की मांग उठाई

पोल संख्या 920 के पास अंडरपास बनाने की मांग, कई गांवों के हजारों लोगों को मिलेगी राहत

नैमिष टुडे ब्यूरो /अम्बेडकरनगर
अम्बेडकरनगर में रेलवे की बाउंड्री बनने से प्रभावित ग्रामीणों के आवागमन की समस्या अब सांसद लालजी वर्मा ने रेलवे के सामने उठाई है। सांसद ने उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) को पत्र भेजकर बाराबंकी-जफराबाद रेलखंड पर गौरा बसंतपुर-कुर्मीडीहा के पास पोल संख्या 920 के निकट अंडरपास निर्माण की स्वीकृति के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

सांसद ने पत्र में बताया कि रेलवे की ओर से बाउंड्री बनाए जाने के बाद ग्रामसभा कुर्मीडीहा, नकटहा, पांडेय का पूरा, रामदास पट्टी, गौरा बसंतपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों के मुताबिक रेलवे लाइन के उत्तर दिशा में कई गांव बसे हैं, जबकि प्राथमिक विद्यालय, पंचायत भवन, राशन की दुकान, पुलिस स्टेशन, गैस गोदाम और पेट्रोल पंप जैसी जरूरी सुविधाएं दक्षिण दिशा में हैं।

*बच्चों और बुजुर्गों को भी करनी पड़ रही लंबी दूरी*

ग्रामीणों का कहना है कि पहले रेलवे लाइन पार करने के लिए आवागमन का रास्ता उपलब्ध था, लेकिन बाउंड्री बनने के बाद यह रास्ता बंद हो गया। इसके चलते स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।

अंडरपास बनने से मिलेगी सुरक्षित राह

सांसद लालजी वर्मा ने डीआरएम से जनहित को प्राथमिकता देते हुए पोल संख्या 920 के पास अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का अनुरोध किया है। ग्रामीणों का कहना है कि अंडरपास बनने से रेलवे लाइन के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी और रोजाना की परेशानी से राहत मिलेगी।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें