
काशी क्षेत्र प्रभारी रमेश सिंह के प्रथम प्रतापगढ़ आगमन पर कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
प्रतापगढ़। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय प्रभारी रमेश सिंह के प्रथम प्रतापगढ़ आगमन पर मंगलवार को कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कोहंडौर बॉर्डर से जिला भाजपा कार्यालय तक जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ उनका स्वागत किया।जिला कार्यालय पहुंचने पर रमेश सिंह, जिला प्रभारी अवधेश चंद्र गुप्ता और जिलाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने सह मीडिया प्रभारी देवेश त्रिपाठी के साथ वृक्षारोपण किया। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पार्चन व दीप प्रज्ज्वलन के साथ संगठनात्मक बैठक शुरू हुई।जिलाध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने स्वागत करते हुए कहा कि क्षेत्रीय प्रभारी का मार्गदर्शन संगठन को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं के सहयोग से आगामी 2027 के चुनाव में काशी क्षेत्र की अधिक से अधिक सीटों पर विजय के लिए जुटने की बात कही।क्षेत्रीय प्रभारी रमेश सिंह ने कहा कि भाजपा का इतिहास त्याग, संघर्ष, विचार और राष्ट्रसेवा की यात्रा का इतिहास है। उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ बताते हुए बूथ मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में समाज के साथ खड़ा रहने वाला कार्यकर्ता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन, समर्पण और सेवा भाव के साथ संगठन के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।संचालन जिला महामंत्री राजेश सिंह ने किया। बैठक में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक अभय कुमार ओझा, पूर्व विधायक बृजेश सौरभ, राजा अनिल प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।