
सांप ने बच्चे के कान में दो बार काटा, डिब्बे में सांप लेकर सीएचसी पहुंचे परिजन
प्रतापगढ़। कोहराव गांव में सोमवार को घर में मौजूद 12 वर्षीय निहाल गुप्ता पुत्र श्रीराम को दीवार से चिपके सांप ने कान में दो बार काट लिया। सर्पदंश की जानकारी बच्चे ने तत्काल परिजनों को दी। परिजन उसे उपचार के लिए पट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लेकर पहुंचे।
घटना के बाद परिजनों और आसपास के लोगों ने साहस दिखाते हुए सांप को पकड़ लिया और एक डिब्बे में बंद कर उसे भी सीएचसी लेकर पहुंचे। चिकित्सकों को सांप दिखाने के बाद उसे छोड़ दिया गया। चिकित्सकों ने बच्चे का उपचार शुरू किया। उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई। सोमवार शाम करीब सात बजे उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले भी कोहराव गांव में सर्पदंश की घटना सामने आई थी। उस समय भी परिजन सांप को पकड़कर उसकी पहचान कराने के लिए सीएचसी लेकर पहुंचे थे।