नहर कटान से फसलें जलमग्न, गांवों में पानी पहुंचने का खतरा तेज बहाव में करीब दस फीट गहरी कटी नहर, ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा; सिंचाई विभाग ने जल्द बंद कराने का दिया भरोसा

नहर कटान से फसलें जलमग्न, गांवों में पानी पहुंचने का खतरा

तेज बहाव में करीब दस फीट गहरी कटी नहर, ग्रामीणों ने खुद संभाला मोर्चा; सिंचाई विभाग ने जल्द बंद कराने का दिया भरोसा

अटरिया/सीतापुर। अटरिया थाना क्षेत्र के अलबदा गांव के सामने खारी नहर शाखा में शुक्रवार देर शाम अचानक कटान होने से आसपास के खेतों में पानी भर गया। नहर का पानी तेज बहाव के साथ खेतों में पहुंचने से किसानों की खड़ी फसलें जलमग्न हो गईं। करीब दस फीट गहरा कटान होने के कारण ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों को आसपास के गांवों में भी पानी पहुंचने की आशंका सताने लगी।

ग्रामीणों के मुताबिक शुक्रवार देर शाम अचानक नहर का पानी उफान पर आ गया। पानी का दबाव बढ़ने के साथ ही नहर की पटरी कट गई और देखते ही देखते तेज धार खेतों की ओर बहने लगी। पानी फैलने से किसानों की फसलें डूब गईं। ग्रामीणों ने एकजुट होकर फावड़े और मिट्टी की बोरियों की मदद से कटान को रोकने का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली।

ग्रामीणों ने बताया कि नहर कटान की सूचना तत्काल सिंचाई विभाग के अधिकारियों को दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटान को बंद नहीं किया गया तो पानी आसपास के गांवों तक पहुंच सकता है। इससे खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान होने की आशंका है।

मौके पर पहुंचेगा विभाग: नहर विभाग के एसडीओ फूल गौतम राम ने बताया कि नहर कटान की सूचना मिल गई है। मौके पर पहुंचकर जल्द ही कटान को बंद कराया जाएगा। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल कार्रवाई के साथ नहर की पटरी को मजबूत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में दोबारा ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें