अटरिया क्षेत्र के ग्राम कुम्हारण पुरवा मजरा नवागांव में पेड़ गिरने से बिजली के दो खंभे गिर गए

अटरिया/सीतापुर। थाना अटरिया क्षेत्र के ग्राम कुम्हारण पुरवा मजरा नवागांव में पेड़ गिरने से बिजली के दो खंभे गिर गए। खंभे गिरने के बाद विद्युत लाइन भी प्रभावित हो गई, जिससे ग्रामीणों में विद्युत आपूर्ति को लेकर चिंता बनी हुई है।

ग्रामीण गोला प्रसाद रामदेव संतोष राजाराम नीरज गोबरे का कहना है कि विद्युत विभाग द्वारा लाइन को दोबारा चालू करने से पहले मौके पर पहुंचकर पूरे विद्युत नेटवर्क और टूटे खंभों की स्थिति का ठीक से निरीक्षण किया जाना बेहद जरूरी है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि बिना जांच के लाइन चालू कर दी गई तो टूटी लाइन या क्षतिग्रस्त विद्युत व्यवस्था के कारण करंट उतरने से कोई अप्रिय घटना हो सकती है।

ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि पहले क्षतिग्रस्त खंभों और तारों को सुरक्षित कराया जाए। इसके बाद पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाए कि कहीं तार जमीन पर तो नहीं पड़े हैं अथवा किसी अन्य स्थान पर विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त तो नहीं है। सुरक्षा की पूरी पुष्टि होने के बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बहाल करने में जल्दबाजी के बजाय सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि किसी व्यक्ति या पशु के साथ करंट की चपेट में आने जैसी घटना न हो। ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल मौके पर टीम भेजकर स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें