छात्राओं पर छींटाकशी की सूचना पर एंटी रोमियो टीम की दबिश, युवक गिरफ्तार

छात्राओं पर छींटाकशी की सूचना पर एंटी रोमियो टीम की दबिश, युवक गिरफ्तार

स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं और महिलाओं को परेशान करने का आरोप; अटरिया पुलिस ने मौके से पकड़ा, बीएनएस की धारा 296 में केस

अटरिया/सीतापुर। स्कूल आने-जाने वाली छात्राओं और महिलाओं पर कथित रूप से छींटाकशी करने की सूचना पर अटरिया पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी युवक की गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया। मामले में थाना अटरिया में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो अभियान के तहत थाना क्षेत्र में लगातार चेकिंग और निगरानी की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक स्कूल से आने-जाने वाली छात्राओं और महिलाओं पर छींटाकशी कर उन्हें परेशान कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एंटी रोमियो टीम सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया।

पुलिस ने पकड़े गए युवक की पहचान सुरजीत पुत्र संतोष, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी ग्राम दुलारपुरवा मजरा महोलिया, थाना घुंघटेर, जनपद बाराबंकी के रूप में की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ थाना अटरिया में मु0अ0सं0 247/2026, धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

छात्राओं की सुरक्षा पर पुलिस की नजर

एंटी रोमियो अभियान का उद्देश्य स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों के आसपास महिलाओं एवं छात्राओं को असहज करने वाली गतिविधियों पर रोक लगाना है। अटरिया पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं को परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस टीम स्कूलों और प्रमुख स्थानों के आसपास भी निगरानी कर रही है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव के निर्देशन में थानाध्यक्ष लाल बहादुर मिश्र के नेतृत्व में की गई।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सत्येंद्र सिंह, कांस्टेबल संजय, अशोक, अंकित पाल तथा महिला कांस्टेबल रूचि पाल शामिल रहीं। पुलिस के मुताबिक महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें