
पीएफ अनियमितता और वेतन समेत कई मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन
नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा
बिसवां (सीतापुर)। नगर पालिका परिषद बिसवां में सफाई कर्मचारियों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को सफाई कर्मचारियों ने पीएफ धनराशि में कथित वित्तीय अनियमितताओं, वेतन भुगतान, कर्मचारियों को हटाए जाने सहित विभिन्न मांगों को लेकर नगर पालिका सभागार में विरोध प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की।
उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 से 2024 के बीच कर्मचारियों की भविष्य निधि (पीएफ) की धनराशि में भारी अनियमितताएं की गई हैं। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी समस्याओं को लेकर कई बार पालिका प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने पालिका प्रशासन पर समस्याओं की अनदेखी करने और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किए जाने के भी आरोप लगाए। कर्मचारियों ने वेतन भुगतान समेत अपनी विभिन्न मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।
संघ अध्यक्ष बृजपाल वाल्मीकि और महामंत्री गुड्डू वाल्मीकि ने कहा कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का तत्काल समाधान नहीं किया गया तो 22 सितंबर 2026 से सभी सफाई कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर होंगे।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए पालिका प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।