
बाढ़ के पानी से 200 मीटर रास्ता जलमग्न, बच्चों का स्कूल जाना मुश्किल
नैमिष टुडे /सवाददाता
महमूदाबाद, सीतापुर। गोड़ैचा-सदरपुर मुख्य मार्ग से पिपरी जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास करीब 200 मीटर लंबा रास्ता बाढ़ के पानी में डूब गया है। पिपरी, रंडा खुर्द और मोहम्मदपुरवा को जोड़ने वाले इस मुख्य मार्ग पर करीब दो से ढ़ाई फुट पानी चल रहा है। पानी लगातार बढ़ने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से मार्ग पर पानी भरा हुआ है। इससे छोटे बच्चों का स्कूल आना-जाना प्रभावित हो गया है। पिपरी निवासी रामकुमार ने बताया कि पानी लगातार बढ़ रहा है, जिससे बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो गया है।
वहीं रंडा खुर्द निवासी फरीद खान ने बताया कि धान की फसल पककर तैयार हो गई थी, लेकिन बाढ़ के पानी में पूरी फसल डूब गई। इससे किसानों को भारी फसल नुकसान हुआ है।
मोहम्मदपुरवा निवासी सुहेल अहमद ने बताया कि गांव से सटा इलाका भी पानी से घिरा हुआ है। ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से मौके की जांच कराकर जलभराव की समस्या का समाधान कराने तथा किसानों के फसल नुकसान का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।