
महमूदाबाद पुलिस का बड़ा खुलासा: सात चोरी की घटनाओं का अनावरण, छह शातिर गिरफ्तार
नैमिष टुडे /सवाददाता
महमूदाबाद, सीतापुर। महमूदाबाद पुलिस ने चोरी व नकबजनी की सात घटनाओं का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में तीन हिस्ट्रीशीटर, दो अन्य शातिर चोर और चोरी का सोना खरीदने वाला एक सोनार शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1.44 लाख नकद, सोने-चांदी के आभूषण, दो देशी तमंचे 315 बोर और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने कब्जे में ली हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरोह ने महमूदाबाद, थानगांव और सदरपुर थाना क्षेत्रों में कई चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। चोरी किए गए आभूषणों को आरोपी सोनार श्रीकृष्ण पवार को बेचते थे। गिरफ्तार आरोपियों में राम प्रकाश, आशीष उर्फ ननका, सूबेदार, अरविंद कुमार, श्रवण उर्फ सरवन तथा श्रीकृष्ण पवार शामिल हैं।
कार्रवाई एसपी सीतापुर अंकुर अग्रवाल के निर्देश पर एएसपी दक्षिणी दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण तथाकि सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार के नेतृत्व में थाना महमूदाबाद पुलिस और एसओजी टीम ने की। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की है।