बिसवां में अटल बिहारी वाजपेयी और डॉ. आंबेडकर की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण

बिसवां में अटल बिहारी वाजपेयी और डॉ. आंबेडकर की प्रतिमाओं का भव्य अनावरण

प्रभारी मंत्री मनोज पांडेय व विधायक निर्मल वर्मा समेत जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी, प्रबुद्धजनों का हुआ सम्मान

 

नैमिष टुडे संवाददाता
धीरेन्द्र कुमार वर्मा

बिसवां, सीतापुर। नगर के बस स्टॉप परिसर में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। कार्यक्रम का आयोजन बिसवां विधायक निर्मल वर्मा की ओर से किया गया। कार्यक्रम में सीतापुर जिले के प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री मनोज पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया गया। इसके साथ ही भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। दोनों महापुरुषों की प्रतिमाओं के अनावरण के अवसर पर मौजूद लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके व्यक्तित्व और राष्ट्र एवं समाज के लिए किए गए योगदान को याद किया।
इस अवसर पर बिसवां विधायक निर्मल वर्मा के साथ सकरन ब्लॉक प्रमुख मिथिलेश कुमारी, कसमंडा ब्लॉक प्रमुख मुन्नी देवी, पंकज सिंह, महाराजनगर मंडल अध्यक्ष अजय वर्मा, राजापुर प्रधान सहित क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के मंच से क्षेत्र के प्रबुद्धजनों का स्वागत एवं सम्मान भी किया गया। वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सार्वजनिक जीवन, राष्ट्रसेवा और उनके विचारों को याद करते हुए उन्हें देश के लिए प्रेरणास्रोत बताया। वहीं डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करते हुए संविधान, सामाजिक समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला गया।
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को लेकर बस स्टॉप परिसर में लोगों की मौजूदगी रही। जनप्रतिनिधियों एवं पार्टी पदाधिकारियों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों और विचारों को समाज तक पहुंचाने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों एवं प्रबुद्धजनों का आभार व्यक्त किया गया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखने को मिला।

नमस्कार,नैमिष टुडे न्यूज़पेपर में आपका स्वागत है,यहाँ आपको हमेसा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे 9415969423 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें