
रोडवेज बस ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, चालक की मौत, दो लोग घायल
नैमिष टुडे संवाददाता
संदना सीतापुर
सिधौली-मिश्रिख मार्ग पर ग्राम रालामऊ के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बैटरी ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि रिक्शे में बैठी एक महिला और उनकी डेढ़ साल की मासूम बच्ची घायल हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16 सितंबर 2026 को रालामऊ के पास रोडवेज बस नंबर UP78 FT 9334 ने ई-रिक्शा नंबर UP 34 BT 8538 को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा चालक उमेश चंद्र शुक्ला उम्र लगभग 65 वर्ष, पुत्र शिव शंकर शुक्ला, निवासी रालामऊ, थाना संदना, जनपद सीतापुर, गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के तुरंत बाद घायल चालक उमेश चंद्र शुक्ला को एंबुलेंस की मदद से प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोंदलामऊ भेजा गया। हालांकि, वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
हादसे के समय ई-रिक्शा में बैठी सवारी रूबी पत्नी सुभाष, निवासी ग्राम बरोय, थाना संदना और उनकी डेढ़ वर्षीय पुत्री अनाया को भी मामूली चोटें आईं। दोनों को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद डॉक्टरों ने घर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह से कायम है।