
बेसहारा पशुओं को बचाने के चक्कर में शिक्षक घायल
नगरिया मोड़ पर हुआ हादसा, निजी अस्पताल में चल रहा इलाज
कुंडा/प्रतापगढ़। बालक शरण स्मारक विद्यालय कोर्रही के शिक्षक यशवंत सिंह (40) शनिवार शाम सड़क हादसे में घायल हो गए। बताया गया कि वह लोकापुर गांव में निमंत्रण में शामिल होने के बाद बाइक से अपने घर कोर्रही लौट रहे थे।रास्ते में नगरिया मोड़ के पास सड़क पर बेसहारा पशु आ जाने पर उन्हें बचाने के प्रयास में उनकी बाइक पशुओं से टकरा गई। टक्कर लगने से शिक्षक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।नगरिया मोड़ समेत क्षेत्र की सड़कों पर घूम रहे बेसहारा पशुओं के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है। जिम्मेदार विभाग द्वारा पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था किए जाने की जरूरत है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बेसहारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो भविष्य में बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।