
बाघराय बाजार में पुलिस का निरीक्षण, फ्लैग मार्च कर दिया सुरक्षा का संदेश
सड़क और पटरी खाली रखने की सख्त हिदायत
कुंडा/प्रतापगढ़। थाना अध्यक्ष बाघराय श्रवण कुमार एवं पुलिस उपाधीक्षक सदर मनोज सिंह रघुवंशी ने शनिवार को पुलिस टीम के साथ बाघराय बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सड़क एवं पटरी पर खड़े वाहनों तथा दुकानों के बाहर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को सख्त हिदायत दी। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाजार की सड़क और पटरी पूरी तरह खाली रहनी चाहिए, ताकि आम लोगों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने वाहन चालकों और दुकानदारों को चेतावनी दी कि सड़क एवं पटरी पर अतिक्रमण मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद थाना अध्यक्ष एवं पुलिस उपाधीक्षक ने अपनी टीम के साथ बाघराय क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र में लगाए गए गणेश उत्सव पंडालों का भी औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पंडाल से जुड़े कार्यकर्ताओं को शासन-प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि गणेश उत्सव के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।