
परसौली के प्राथमिक विद्यालय में 13 सितंबर को लगेगा निःशुल्क नेत्र शिविर
सीतापुर आंख अस्पताल के विशेषज्ञ करेंगे मोतियाबिंद व पर्दे की आधुनिक मशीनों से जांच, जरूरतमंद मरीजों को ऑपरेशन के लिए अस्पताल ले जाएगी गाड़ी ।
मिश्रित, सीतापुर। विकासखंड मिश्रित की ग्राम पंचायत परसौली स्थित प्राथमिक विद्यालय में आगामी 13 सितंबर, रविवार को सीतापुर आंख अस्पताल द्वारा निःशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन ग्राम प्रधान सुमन मौर्या एवं शिक्षक हरि शरण मौर्या के तत्वावधान में किया जाएगा।शिविर में सीतापुर आंख अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. कर्नल श्रीकांत वाइकर, डा. कर्नल मधु भदौरिया एवं कर्नल रणवीर सिंह भदौरिया द्वारा मरीजों के आंखों की जांच की जाएगी। इस दौरान आधुनिक मशीनों के माध्यम से मोतियाबिंद तथा आंख के पर्दे से संबंधित रोगों की निःशुल्क जांच की जाएगी।
जांच के दौरान ऑपरेशन के लिए चिन्हित किए जाने वाले मरीजों को सीतापुर आंख अस्पताल की गाड़ी द्वारा अस्पताल ले जाया जाएगा। अस्पताल में आवश्यक उपचार एवं ऑपरेशन के बाद मरीजों को पुनः उनके निर्धारित स्थान पर सुरक्षित छोड़े जाने की व्यवस्था भी की जाएगी । आयुष्मान कार्ड धारक मरीज जरूरी दस्तावेज साथ लाएं । शिविर में ऑपरेशन के लिए आने वाले ऐसे मरीज, जिनका आयुष्मान कार्ड बना हुआ है, उन्हें अपना आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, राशन कार्ड की फोटो कॉपी तथा मोबाइल फोन साथ लाना अनिवार्य बताया गया है।आयोजकों ने क्षेत्र के ग्रामीणों से अपील की है कि आंखों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क नेत्र शिविर का लाभ उठाएं।