
नहर की कच्ची पटरी बरसात में बनी ग्रामीणों के लिए मुसीबत
पानी भरे गड्ढों में आए दिन गिर रहे राहगीर, 5200 मीटर मार्ग पक्का कराने की मांग
जनप्रतिनिधि भूले अपना वादा, एक साल बाद भी सड़क की हालत जस की तस
कुंडा/प्रतापगढ़। बाबागंज ब्लॉक क्षेत्र में हीरागंज राजवाहा की कच्ची पटरी बरसात में ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनी हुई है। बाबूराय जहांपुर से उतरार तक करीब 5200 मीटर लंबी नहर पटरी कच्ची होने के कारण बारिश होते ही जगह-जगह पानी और कीचड़ से भर जाती है। इससे राहगीरों के फिसलकर पानी भरे गड्ढों में गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं।इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों ग्रामीणों और स्कूली बच्चों का आवागमन होता है। मार्ग के आसपास रामसेवक इंटर कॉलेज, माता बदल श्रीकृष्ण लघु माध्यमिक विद्यालय, प्राथमिक विद्यालय धमोहन और प्राथमिक विद्यालय उतरार समेत कई शिक्षण संस्थान हैं। इसके अलावा दर्जनों पिछड़ी जाति एवं अनुसूचित जाति की बस्तियों के लोग, किसान, मजदूर और शिक्षक भी इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। बरसात में रास्ता खराब होने से बच्चों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक साल बाद भी वादा पूरा नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि नहर की पटरी को पक्का कराने की मांग लंबे समय से की जा रही है। पिछले वर्ष एक समाचार पत्र ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। ग्रामीणों के मुताबिक, उस समय स्थानीय विधायक विनोद सरोज और सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने सड़क बनवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बाद भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ।ग्रामीणों का आरोप है कि दोनों जनप्रतिनिधियों की वार्षिक कार्ययोजना में भी इस महत्वपूर्ण मार्ग को शामिल नहीं किया गया। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। उनका कहना है कि चुनाव के समय विकास के वादे किए जाते हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी रहती है।
स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा पर सवाल
रामसेवक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ओमप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि बरसात के दिनों में कच्ची पटरी पर आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। पानी और कीचड़ के कारण आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल होते हैं। बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों के इसी रास्ते से आने-जाने को देखते हुए मार्ग का पक्का निर्माण बेहद जरूरी है।ग्रामीणों नूर आलम फारूकी, दूधनाथ सरोज, रामराज मिश्र, शालिक मौर्य, संदीप त्रिपाठी, प्रशांत पाण्डेय, प्रेम प्रकाश, चक्रधर त्रिपाठी, शिवाकांत मिश्र, डॉ. इरशाद, हरिपाल और प्रदीप शुक्ल समेत अन्य लोगों ने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से बाबूराय जहांपुर से उतरार तक नहर की पटरी को जल्द पक्का कराने की मांग की है।