
सड़क सुरक्षा अभियान में 51 वाहनों पर कार्रवाई, 3.50 लाख का जुर्माना
ड्रंक एंड ड्राइव, प्रेशर हॉर्न, हूटर, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट और मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ चला अभियान
कुंडा/प्रतापगढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रतापगढ़ पुलिस ने शनिवार रात सड़क सुरक्षा अभियान के तहत सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान 51 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 3.50 लाख रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।अभियान नोडल अधिकारी/अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार एवं क्षेत्राधिकारी यातायात रविन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में संचालित हुआ। शनिवार रात 8 से 11 बजे तक थाना हथिगवां क्षेत्र के कोटिला अख्तियारी टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस और हथिगवां पुलिस की संयुक्त टीम ने वाहनों की जांच की।यातायात निरीक्षक मनोज कुमार, हथिगवां थाना प्रभारी सतेन्द्र सिंह तथा खिदिरपुर चौकी प्रभारी प्रिंस तिवारी पुलिस टीम के साथ चेकिंग में मौजूद रहे। इस दौरान टोल प्लाजा से गुजरने वाले करीब 319 वाहनों की जांच की गई। वाहन चालकों के शराब के सेवन की जांच ब्रीथ एनालाइजर से की गई।चेकिंग के दौरान एक चालक शराब के नशे में वाहन चलाता मिला, जिस पर 10 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया। प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न लगे 16 वाहनों पर 1.60 लाख रुपये, हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट से संबंधित 32 वाहनों पर 16 हजार रुपये, हूटर लगे एक वाहन पर 10 हजार रुपये तथा मोडिफाइड साइलेंसर लगे एक वाहन पर 10 हजार रुपये का शमन शुल्क लगाया गया।पुलिस के अनुसार कुल 51 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई कर 3,50,000 रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया गया।प्रतापगढ़ पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने, अवैध प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।