
बारिश ने छीना गरीब परिवार का आशियाना, संकट में कैंसर पीड़ित का परिवार
विपदा की घड़ी में विप्र सेवा सुरक्षा एवं एकता मंच बना सहारा, 37 दानदाताओं ने जुटाए 21,423 रुपये
कुंडा/प्रतापगढ़। लगातार हो रही बारिश ने एक गरीब परिवार से उसका आशियाना छीन लिया। कच्चा मकान ढहने के बाद कैंसर पीड़ित लालता प्रसाद पांडेय का परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। बाबागंज के रायगढ़-कुटलिया गांव निवासी परिवार के सामने अब सिर छिपाने के साथ ही गृहस्थी चलाने का भी संकट खड़ा हो गया है।मुसीबत की इस घड़ी में विप्र सेवा सुरक्षा एवं एकता मंच ने परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया। मंच की पहल पर 5 सितंबर तक 37 दानदाताओं ने सहयोग करते हुए कुल 21,423 रुपये की राशि जुटाई, जिसे पीड़ित परिवार को सौंपा गया।मकान गिरने से परिवार का घरेलू सामान भी प्रभावित हुआ है। बीमारी से जूझ रहे लालता प्रसाद के लिए परिवार की यह स्थिति और भी कठिन हो गई है। ऐसे समय में मिली आर्थिक मदद ने परिवार को कुछ राहत जरूर दी है।ग्रामीणों ने विपरीत परिस्थितियों में परिवार के साथ खड़े होने और सहयोग जुटाने के लिए विप्र सेवा सुरक्षा एवं एकता मंच की पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि आपदा की घड़ी में जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए समाज के सक्षम लोगों को भी आगे आना चाहिए।