
पीएचसी और विद्यालय पहुंचे डीएम, व्यवस्थाओं की परखी हकीकत, गैरहाजिरी पर जताई नाराजगी
प्रतापगढ़ जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुखपालनगर और प्राथमिक विद्यालय पूरे रायजू का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, शैक्षणिक व्यवस्था और उपस्थिति की हकीकत परखी। उन्होंने मरीजों व छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
पीएचसी सुखपालनगर में डीएम ने मरीजों से बाहर की दवाएं लिखे जाने की जानकारी ली, जिस पर मरीजों ने ऐसी दवाएं न दिए जाने की बात कही। उन्होंने पर्चा काउंटर, भर्ती मरीजों और प्रसव यूनिट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों को समय से भुगतान किए जाने की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान महिला चिकित्साधिकारी डॉ. शिवानी सिंह अनुपस्थित मिलीं, जिस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।
इसके बाद डीएम ने प्राथमिक विद्यालय पूरे रायजू में पठन-पाठन की स्थिति देखी और छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। शिक्षकों व विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति न मिलने पर नाराजगी जताते हुए नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर माहौल बनाने के निर्देश दिए। डीएम ने विद्यालय परिसर में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र का भी निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी ली।