
रक्षाबंधन पर बाजारों में उमड़ा जनसैलाब, बारिश के बाद फिर लौटी रौनक
हीरागंज। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर हीरागंज सहित आसपास के बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही बाजारों में राखी, मिठाई, कपड़े, फल एवं अन्य उपहारों की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ दिखाई दी। भाई-बहनों के पवित्र त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
राखी की दुकानों पर विभिन्न प्रकार की आकर्षक राखियों की खरीदारी के लिए महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में पहुंचे। वहीं मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ लगी रही। बहनों ने भाइयों के लिए राखी और मिठाई की खरीदारी की, जबकि भाइयों ने भी अपनी बहनों के लिए उपहार खरीदे।
इसी दौरान हुई तेज बारिश के कारण कुछ देर के लिए बाजारों में सन्नाटा छा गया और दुकानों पर भी ग्राहकों की संख्या कम हो गई। बारिश बंद होते ही दोबारा बाजारों में रौनक लौट आई और बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए घरों से बाहर निकले। बारिश के बावजूद त्योहार को लेकर लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखाई दी।
रक्षाबंधन के मौके पर बाजारों में बढ़ी भीड़ के कारण कुछ स्थानों पर आवागमन भी प्रभावित रहा। दुकानदारों के चेहरे पर भी अच्छी बिक्री को लेकर खुशी दिखाई दी। लोगों ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हीरागंज चौराहे पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी लगातार बाजार और चौराहे पर निगरानी करते रहे, ताकि भीड़ के बीच किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। पुलिस की सक्रियता के चलते रक्षाबंधन का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।