
राजकीय इंटर कॉलेज सांडा सकरन में शिक्षकों की कमी पर उठी आवाज,
किसान नेता शुभम रस्तोगी ने मुख्यमंत्री से शिक्षक भर्ती की मांग
विकास मिश्रा/नैमिष टुडे
सकरन/सीतापुर विकासखंड सकरन स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में लंबे समय से अध्यापकों की कमी के चलते छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय में बड़ी संख्या में विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन विषयवार पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं।
शिक्षकों की कमी के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए निजी ट्यूशन का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे विशेष रूप से गरीब और ग्रामीण परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। अभिभावकों का कहना है कि सरकारी विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति होने पर बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सकती है।
समस्या को गंभीरता से उठाते हुए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत), सीतापुर के जिला मीडिया प्रभारी शुभम रस्तोगी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज सकरन में रिक्त पदों पर आवश्यक विषय अध्यापकों की तत्काल तैनाती कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के भविष्य को देखते हुए इस समस्या का शीघ्र समाधान आवश्यक है। शिक्षकों की पर्याप्त तैनाती से विद्यार्थियों की पढ़ाई बेहतर होगी और उन्हें निजी ट्यूशन पर निर्भरता से राहत मिलेगी। क्योंकि पूरी शिक्षा व्यवस्था प्राइवेट शिक्षकों के सहारे चल रही है जिसका अभिभावकों को अतिरिक्त भार पड़ रहा है
उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की है।