
सोशल मीडिया पर छवि धूमिल करने और ₹2 लाख की रंगदारी मांगने का आरोप: चेयरमैन आमिर अरफात ने समाधान दिवस में दी तहरीर
महमूदाबाद (सीतापुर)
नगर पालिका परिषद महमूदाबाद के अध्यक्ष आमिर अरफात ने एक युवक पर नगर पालिका कार्यों में अनुचित दबाव बनाने, सोशल मीडिया के जरिए सार्वजनिक छवि धूमिल करने तथा दो लाख रुपये की रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में चेयरमैन ने संपूर्ण समाधान दिवस में प्रभारी अधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और विधिक कार्रवाई की मांग की है।
अध्यक्ष आमिर अरफात द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, मोतीपुर चौराहा (निकट सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, महमूदाबाद) निवासी शिवेंद्र प्रताप यादव पुत्र राम कुमार यादव द्वारा नगर पालिका परिषद के प्रशासनिक व विकास कार्यों में अनुचित एवं अनैतिक दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा था। चेयरमैन का कहना है कि जब उन्होंने नियमों के विरुद्ध जाकर किसी व्यक्ति विशेष के हित में कार्य करने से स्पष्ट मना कर दिया, तो आरोपी क्षुब्ध हो गया। इसके बाद आरोपी ने उनकी सामाजिक व सार्वजनिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने की नीयत से सोशल मीडिया, विशेषकर फेसबुक पर भ्रामक व आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना शुरू कर दिया।
शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब झूठे इल्जाम लगाने के विषय में उक्त युवक से बात की गई, तो उसने गवाहों—अकील अहमद (निवासी कटरा महमूदाबाद) व इमरान (निवासी रमुवापुर महमूदाबाद) के सामने दो लाख रुपये की मांग रखी। आरोपी ने स्पष्ट धमकी दी कि यदि रुपये नहीं दिए गए, तो वह सोशल मीडिया पर इसी तरह लगातार बदनाम करता रहेगा।
चेयरमैन आमिर अरफात ने कहा कि नगर पालिका अध्यक्ष के रूप में जनहित, निष्पक्षता और विधि के अनुरूप कार्य करना उनका दायित्व है और किसी भी व्यक्ति के दबाव में नियम-विरुद्ध कार्य करना संभव नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के स्क्रीनशॉट संलग्न करते हुए प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए नियमानुसार विधिक कार्रवाई की मांग की है।