
- महेशगंज सीएचसी में जलभराव से मरीज परेशान, जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त
कुंडा/प्रतापगढ़। बारिश के बाद बाबागंज विकासखंड क्षेत्र स्थित महेशगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण अस्पताल परिसर में जगह-जगह पानी भर गया है, जिससे मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल परिसर में जमा पानी और कीचड़ के बीच मरीजों को आवागमन करना पड़ रहा है। मुख्य गेट से लेकर परिसर के अंदर तक जलभराव होने से स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आने वाले लोगों को काफी दिक्कतें हो रही हैं। वहीं, लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के मौसम में यह समस्या हर वर्ष सामने आती है, लेकिन इसके स्थायी समाधान के लिए अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। लोगों का कहना है कि पहले कुंडा-जेठवारा मार्ग के किनारे बनी नाली से पानी की निकासी हो जाती थी, लेकिन नाली पट जाने के बाद पानी का बहाव बाधित हो गया है। इससे अस्पताल के मुख्य गेट और परिसर में जलभराव की स्थिति बनी रहती है।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने और समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों को पत्र भेजकर अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।