
ऋषभ दुबे नैमिष टुडे
छिबरामऊ, कन्नौज ।स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर के प्रतिष्ठित हीरालाल वी.एन. इंटर कॉलेज में देशभक्ति के उल्लास के बीच भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य राधा बल्लभ मिश्रा के नेतृत्व में निकाली गई रैली में हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी कैडेट और स्काउट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाते हुए विद्यार्थियों और एनसीसी कैडेटों ने पूरे माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। रैली में ‘युवा भारत’ के वालंटियर्स भी विशेष बैनर के साथ शामिल हुए और युवाओं को देशप्रेम का संदेश दिया।
आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ), अवर अभियंता (जेई) तथा पूर्व प्रबंधक आलोक गुप्ता मौजूद रहे। रैली के सफल संयोजन और संचालन में मेजर संदीप कुमार माधव, वीरेंद्र कुमार वर्मा, अजय कुमार चौरसिया, अभिषेक मिश्रा, हेमलता, प्रिया मिश्रा और प्रभात कुमार शुक्ला सहित विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।
पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को किया जागरूक
तिरंगा रैली के बाद विद्यालय परिसर में छिबरामऊ कोतवाली से पहुंची पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को महिला अधिकारों, सुरक्षा नियमों, महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राधा बल्लभ मिश्रा ने उपस्थित अतिथियों और पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। तिरंगा रैली और जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता के संदेशों से गूंजता रहा।